शाहजहांपुर। उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले में एक विवाहित महिला के कथित प्रेम संबंध को लेकर पारिवारिक विवाद इस कदर बढ़ गया कि उसकी मां ने बेटी और उसके मुंहबोले चाचा पर डीजल डाल दिया। दोनों को आग लगाने की कोशिश किए जाने की सूचना पर पहुंची पुलिस ने समय रहते स्थिति संभाल ली। पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।मामला बिरसिंहपुर चौकी क्षेत्र के एक गांव का बताया गया है। ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार गांव में रहने वाली महिला शादीशुदा है और दो बच्चों की मां है। उसका अपने रिश्ते में लगने वाले मुंहबोले चाचा से कथित रूप से काफी समय से प्रेम संबंध चल रहा था। बताया गया कि उक्त व्यक्ति भी विवाहित है।शनिवार को परिजनों को दोनों के एक कमरे में होने की जानकारी मिली। इसके बाद परिवार में विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि महिला की मां ने गुस्से में घर में रखा डीजल लाकर बेटी और उसके कथित प्रेमी पर डाल दिया और उन्हें आग लगाने का प्रयास किया।घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर दोनों को सुरक्षित किया। युवक के शरीर पर डीजल पड़ा होने के कारण पुलिस ने पानी डालकर उसे साफ कराया, जबकि महिला को भी परिजनों की मदद से नहलाकर उसके शरीर से डीजल हटाया गया। समय रहते पुलिस के पहुंचने से कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ।पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर चिकित्सकीय परीक्षण कराया। पूछताछ के दौरान महिला अपने मुंहबोले चाचा के साथ जाने की बात कहती रही। मामले में पुलिस ने दोनों पक्षों से जानकारी जुटानी शुरू कर दी है।क्षेत्राधिकारी विदुष सक्सेना के अनुसार पुलिस को घटना की सूचना मिलते ही टीम को गांव भेजा गया था। दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई है। तहरीर मिलने के बाद मामले में नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। महिला और उसके कथित प्रेमी के बीच संबंधों को लेकर सामने आए दावों की भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि शिकायत और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।