मुजफ्फरनगर। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय की पूर्व मुख्य प्रशासिका परम आदरणीय प्रकाशमणि दादी के 19वें पुण्य स्मृति दिवस पर गांधी नगर स्थित ब्रह्माकुमारीज सेवा केंद्र से नशामुक्ति प्रतिज्ञा अभियान यात्रा का शुभारंभ किया गया। यात्रा के माध्यम से लोगों को नशे से होने वाले नुकसान के प्रति जागरूक करते हुए नशामुक्त जीवन अपनाने का संदेश दिया गया।यात्रा का शुभारंभ व्यापार मंडल के महामंत्री मोहन तायल ने किया। इससे पहले उन्होंने प्रकाशमणि दादी को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि भारत को नशामुक्त बनाने की दिशा में ब्रह्माकुमारीज संस्था का प्रयास सराहनीय है। नशामुक्त भारत के संकल्प को साकार करने के लिए समाज के सभी वर्गों की भागीदारी जरूरी है।गांधी नगर सेवा केंद्र की संचालिका ब्रह्माकुमारी बबिता बहन ने अभियान यात्रा को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि नशामुक्त समाज ही स्वस्थ, सुखी और सशक्त समाज का आधार है। उन्होंने लोगों से नशे से दूर रहने के साथ ही अपने आसपास के लोगों को भी नशामुक्त जीवन के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।अभियान यात्रा में ब्रह्माकुमारीज केंद्र से जुड़े भाई-बहनों ने उत्साह के साथ भाग लिया। यात्रा के दौरान आमजन को नशे के दुष्परिणामों की जानकारी देते हुए नशामुक्ति की प्रतिज्ञा लेने और नशामुक्त भारत के संकल्प से जुड़ने का संदेश दिया गया।आयोजकों के अनुसार, अभियान का उद्देश्य समाज में नशे के प्रति जागरूकता बढ़ाना, विशेष रूप से युवाओं को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करना और स्वस्थ, संस्कारवान तथा सशक्त समाज के निर्माण में लोगों की भागीदारी बढ़ाना है। प्रकाशमणि दादी की पुण्य स्मृति में आयोजित यह अभियान सामाजिक जागरूकता के संदेश के साथ आगे बढ़ाया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *