मुजफ्फरनगर। रतनपुरी क्षेत्र में भैंस चोरी के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। बडसू रजवाहे के पास चेकिंग के दौरान आरोपियों ने पुलिस टीम पर कथित रूप से फायरिंग कर दी। पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों को दबोच लिया। उनके कब्जे से चोरी की गई दो भैंसों के अलावा अवैध तमंचा, कारतूस, चाकू और वारदात में प्रयुक्त बुलेरो बरामद की गई है।पुलिस के अनुसार 17 अगस्त 2026 की रात रतनपुरी पुलिस संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान बडसू रजवाहे के पास पीतम सिंह की मूर्ति के निकट एक बुलेरो आती दिखाई दी। पुलिस ने वाहन को रुकने का संकेत दिया, लेकिन उसमें सवार लोगों ने वाहन रोकने के बजाय भागने का प्रयास किया।पुलिस टीम ने बुलेरो का पीछा कर उसे रोकने की कोशिश की तो आरोपियों ने पुलिसकर्मियों पर जान से मारने की नीयत से गोली चला दी। पुलिस के मुताबिक फायरिंग में कोई पुलिसकर्मी घायल नहीं हुआ। इसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को पकड़ लिया।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हकीकत पुत्र मोमीन निवासी ग्राम जसड़ सुल्तानपुर, थाना सरूरपुर, जनपद मेरठ और खालिद पुत्र नसीर निवासी ग्राम जसड़ सुल्तानपुर, थाना सरूरपुर, जनपद मेरठ के रूप में हुई है।तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से 315 बोर का एक अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद हुआ। इसके अलावा एक नाजायज चाकू भी मिला। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल बुलेरो भी कब्जे में ले ली। बुलेरो का पंजीकरण संख्या यूपी-15 एचटी-8847 बताई गई है। इसी वाहन से चोरी की गई दोनों भैंसों को ले जाया जा रहा था।पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि उन्होंने 28/29 जुलाई 2026 की रात ग्राम रियावली नंगला से दोनों भैंसें चोरी की थीं। चोरी के बाद उन्हें बेचने के लिए बुलेरो से ले जाया जा रहा था। इसी दौरान रतनपुरी पुलिस की चेकिंग में उनका सामना पुलिस टीम से हो गया।पुलिस के मुताबिक कार्रवाई अपर पुलिस महानिदेशक मेरठ जोन और पुलिस उपमहानिरीक्षक सहारनपुर परिक्षेत्र के निर्देशन में की गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुजफ्फरनगर संजय कुमार वर्मा के पर्यवेक्षण में कार्रवाई को अंजाम दिया गया।कार्रवाई में पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अक्षय संजय महाडीक, क्षेत्राधिकारी बुढ़ाना गजेंद्र पाल सिंह और प्रभारी निरीक्षक थाना रतनपुरी राकेश कुमार के नेतृत्व में गठित टीम शामिल रही। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group