मुजफ्फरनगर। पानीपत-खटीमा मार्ग पर मंगलवार सुबह दिन निकलते ही नगर कोतवाली पुलिस की दो आरोपितों से मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में फिरोज के पैर में गोली लगी, जबकि उसका साथी उस्मान मौके से भाग निकला। पुलिस ने घेराबंदी और तलाशी अभियान चलाकर उसे भी गिरफ्तार कर लिया। दोनों को रामलीला टिल्ला दुष्कर्म कांड में आरोपित बताया जा रहा है।पुलिस के अनुसार, बदमाशों की मौजूदगी की सूचना पर टीम ने पानीपत-खटीमा मार्ग पर चेकिंग शुरू की थी। इसी दौरान बाइक सवार संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस को देखकर दोनों ने भागने की कोशिश की और फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में फिरोज के पैर में गोली लगी। इसके बाद पुलिस ने इलाके में कांबिंग अभियान चलाकर उस्मान को भी पकड़ लिया।पुलिस ने घायल फिरोज को उपचार के लिए अस्पताल भेजा। आरोपितों के कब्जे से एक तमंचा और बाइक बरामद की गई है। मौके पर नई मंडी क्षेत्र के सीओ राजू कुमार साव भी मौजूद रहे। पुलिस दोनों आरोपितों से पूछताछ कर रही है और बरामद हथियार व बाइक के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।