मुजफ्फरनगर। बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना के तहत मंगलवार को कलेक्ट्रेट स्थित जिला पंचायत सभागार में मेधावी छात्राओं का सम्मान समारोह आयोजित किया गया। बोर्ड परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को प्रतीक चेक, मेडल और प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया। वहीं, मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना कोविड के तहत पांच बच्चों को लैपटॉप वितरित किए गए।कार्यक्रम का शुभारंभ उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य सपना कश्यप, नगर पालिका अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप, जिलाधिकारी उमेश मिश्रा, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा और पुलिस अधीक्षक इंदु सिद्धार्थ समेत अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना के तहत यूपी बोर्ड परीक्षा में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली 22 छात्राओं को कुल 1.25 लाख रुपये की पुरस्कार राशि दी गई। कक्षा 10 की परीक्षा में प्रथम 10 स्थान हासिल करने वाली छात्राओं को पांच-पांच हजार रुपये के प्रतीक चेक और मेडल प्रदान किए गए। कक्षा 12 की परीक्षा में प्रथम 11 स्थान पाने वाली छात्राओं को भी पांच-पांच हजार रुपये के प्रतीक चेक और मेडल देकर सम्मानित किया गया। कक्षा 12 में सर्वोच्च स्थान प्राप्त करने वाली छात्रा को 20 हजार रुपये का प्रतीक चेक प्रदान किया गया।महिला कल्याण विभाग की ओर से संचालित मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना कोविड के अंतर्गत कक्षा नौ या उससे ऊपर की कक्षाओं में पढ़ने वाले पांच बच्चों को लैपटॉप दिए गए। मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना से लाभान्वित दो बालिकाओं को सम्मान पत्र देकर प्रोत्साहित किया गया।समारोह में छात्राओं को आगे की शिक्षा जारी रखने के लिए प्रेरित किया गया। उनसे अपने आसपास की बेटियों और छात्राओं को भी पढ़ाई के लिए जागरूक करने का आह्वान किया गया।जिला मिशन कोआर्डिनेटर ने बताया कि वर्ष 2011 में जिले का बाल लिंगानुपात 863 था, जो वर्ष 2026 में बढ़कर करीब 940 पहुंच गया है। इसे बेटियों के प्रति जागरूकता बढ़ने और प्रशासनिक प्रयासों का महत्वपूर्ण परिणाम बताया गया।कार्यक्रम में अल्पसंख्यक विभाग की मैत्री रस्तोगी, जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला सूचना अधिकारी, सहायक लेखाकार शुभम पाल, संरक्षण अधिकारी नीना त्यागी, केंद्र प्रबंधक पूजा नरूला, परीक्षा अधिकारी हेमलता और सामाजिक कार्यकर्ता पूजा देवी समेत अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। अंत में जिला प्रोबेशन अधिकारी संजय कुमार यादव ने अतिथियों, अधिकारियों और बच्चों का आभार व्यक्त किया।