बुलंदशहर। चोला थाना क्षेत्र के धमेड़ा नारा गांव में शुक्रवार को दिल्ली पुलिस की टीम ने दबिश देकर स्वतंत्र भारद्वाज समेत दो युवकों को हिरासत में ले लिया। दोनों को दिल्ली पुलिस अपने साथ लेकर रवाना हो गई। स्वतंत्र भारद्वाज का नाम दिल्ली के जंतर-मंतर पर हुए एक प्रदर्शन के दौरान मारपीट के मामले में सामने आया है।बताया गया कि दिल्ली पुलिस को स्वतंत्र भारद्वाज के बुलंदशहर में मौजूद होने की जानकारी मिली थी। इसके बाद टीम ने धमेड़ा नारा गांव पहुंचकर कार्रवाई की। स्वतंत्र के साथ पवन नामक युवक को भी हिरासत में लिया गया। जानकारी के अनुसार स्वतंत्र शुक्रवार सुबह बुलंदशहर के नैथला निवासी टैक्सी चालक हरिशंकर उर्फ अन्नू के घर ठहरा हुआ था। पुलिस टीम वहीं पहुंची और उसे अपने साथ ले गई।मामला 23 जून को दिल्ली के जंतर-मंतर पर सीजेपी के प्रदर्शन के दौरान हुई मारपीट से जुड़ा बताया जा रहा है। शिकायत के मुताबिक प्रदर्शन के दौरान संजय कुमार के साथ मारपीट हुई थी। इस मामले में दिल्ली के पार्लियामेंट स्ट्रीट थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई थी, जिसमें स्वतंत्र भारद्वाज और सूरज कुमार के नाम सामने आए थे।मामले ने उस समय फिर तूल पकड़ा, जब स्वतंत्र भारद्वाज से संबंधित एक कथित पॉडकास्ट क्लिप सामने आई। इसके बाद पुलिस कार्रवाई की मांग तेज हुई। दिल्ली पुलिस ने शुक्रवार को बुलंदशहर पहुंचकर स्वतंत्र को हिरासत में लिया। हालांकि मामले में आरोपों और घटना के वास्तविक क्रम को लेकर अलग-अलग दावे सामने आए हैं, जिनकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।उधर, बुलंदशहर पुलिस का कहना है कि दिल्ली पुलिस की टीम ने स्थानीय थाने में अपनी आमद दर्ज नहीं कराई। स्थानीय पुलिस के मुताबिक दोनों युवकों को लेकर जाने की रवानगी की सूचना भी थाने को नहीं दी गई। दिल्ली पुलिस की कार्रवाई के बाद स्थानीय स्तर पर भी मामले को लेकर जानकारी जुटाई जा रही है।फिलहाल दोनों युवकों को दिल्ली पुलिस अपने साथ ले गई है। आगे की कानूनी कार्रवाई दिल्ली में दर्ज मामले और जांच के आधार पर की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group