मुजफ्फरनगर। क्षेत्राधिकारी भोपा लक्ष्मण वर्मा का सहायक पुलिस आयुक्त, कमिश्नरेट लखनऊ के पद पर स्थानांतरण होने पर बुधवार को रिजर्व पुलिस लाइन में विदाई समारोह आयोजित किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा समेत पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने उनके कार्यकाल की सराहना करते हुए शुभकामनाओं के साथ विदाई दी।समारोह में एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने लक्ष्मण वर्मा को पुष्पमाला पहनाकर सम्मानित किया। उन्हें स्मृतिचिह्न और पुष्पगुच्छ भी भेंट किया गया।

एसएसपी ने कहा कि लक्ष्मण वर्मा ने जनपद में अपने कार्यकाल के दौरान जिम्मेदारियों का बेहतर ढंग से निर्वहन करते हुए कई सराहनीय कार्य किए। उन्होंने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए लखनऊ में नए दायित्व के सफल निर्वहन के लिए शुभकामनाएं दीं।इस अवसर पर पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी लक्ष्मण वर्मा को पुष्पमालाएं पहनाकर एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर विदाई दी। अधिकारियों ने उनके साथ बिताए कार्यकाल को याद करते हुए उनके कार्यों की प्रशंसा की और स्वस्थ एवं सफल भविष्य की कामना की।समारोह में एसपी सिटी अमृत जैन, एसपी ग्रामीण अक्षय संजय महाडीक, एसपी यातायात अतुल कुमार चौबे, एसपी अपराध इंदु सिद्धार्थ, सहायक पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ के. मिश्रा, जिले के समस्त क्षेत्राधिकारी, प्रतिसार निरीक्षक सहित पुलिस विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।