मुजफ्फरनगर। भोपा थाना क्षेत्र के गांव तिस्सा में चोरों ने अंग्रेजी बीयर की दुकान को निशाना बना लिया। रात के समय दुकान में घुसे चोर वहां रखी चार दिन की बिक्री की नकदी लेकर फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलने पर दुकान संचालक ने पुलिस को सूचना दी।बताया गया कि कूकड़ा के कमल नगर निवासी ललित कुमार पुत्र सरजीत सिंह की तिस्सा गांव में अंग्रेजी बीयर की दुकान है। सात और आठ सितंबर की रात अज्ञात चोर दुकान में घुस गए। चोरों ने दुकान में रखी नकदी पर हाथ साफ कर दिया और मौके से फरार हो गए।दुकान संचालक के अनुसार चोरी हुई रकम चार दिन की बिक्री की है। फिलहाल नकदी की सही रकम स्पष्ट नहीं हो सकी है। बिक्री का हिसाब और रिकॉर्ड मिलाने के बाद चोरी गई रकम का पता चल सकेगा।घटना के संबंध में संचालक ने आठ सितंबर को भोपा थाने में तहरीर दी। पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और संदिग्ध लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है।चोरी की घटना से आसपास के दुकानदारों में भी चिंता है। स्थानीय लोगों ने रात में पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है। पुलिस का कहना है कि उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपितों की पहचान कर जल्द घटना का पर्दाफाश करने का प्रयास किया जा रहा है