नई दिल्ली। दक्षिणी दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में पीजी की इमारत ढहने के मामले में पुलिस ने पीजी संचालक सुधांशु को गिरफ्तार कर लिया है। इसके साथ ही मामले में गिरफ्तार आरोपितों की संख्या पांच हो गई है। हादसे में सात लोगों की जान गई थी।पुलिस के अनुसार, मकान मालिक के बेटे महेश बंसल से पूछताछ में सामने आया कि इमारत अगस्त 2025 से दो बिजनेस पार्टनरों शुभम त्यागी और सुधांशु को लीज पर दी गई थी। दोनों यहां ‘हॉस्टल डेज’ नाम से लड़कों के लिए पीजी चला रहे थे। इसी आधार पर पुलिस ने सुधांशु की तलाश शुरू की और उसे गिरफ्तार कर लिया।जांच में सामने आया है कि महेश बंसल अपने माता-पिता की ओर से इमारत के रखरखाव का काम देखता था। पुलिस ने मामले में लेबर कॉन्ट्रैक्टर को भी उत्तर प्रदेश के कासगंज से गिरफ्तार किया है। पूछताछ में कॉन्ट्रैक्टर ने बताया कि हादसे के दिन इमारत के बेसमेंट में फर्श की मरम्मत का काम चल रहा था।बताया गया कि बारिश के कारण पिछले कई दिनों से बेसमेंट में कचरा जमा हो रहा था। इसी वजह से वहां मरम्मत कराई जा रही थी। इसके अलावा ग्राउंड फ्लोर पर भी व्यावसायिक उपयोग के लिए जगह बढ़ाने का काम चल रहा था। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि निर्माण और मरम्मत के दौरान भवन की संरचना से किसी तरह की छेड़छाड़ तो नहीं हुई थी।पांच मंजिला इस इमारत में लड़कों के लिए पीजी संचालित किया जा रहा था। रविवार दोपहर करीब डेढ़ बजे अचानक इमारत ढह गई। उस समय भवन में कई लोग मौजूद थे। मलबे में दबने से सात लोगों की मौत हो गई।मामले में महेश बंसल समेत अन्य आरोपितों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस भवन मालिक, पीजी संचालक और मरम्मत कार्य से जुड़े लोगों की भूमिका की जांच कर रही है। हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए जांच आगे बढ़ाई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group