मुजफ्फरनगर। रामराज थाना क्षेत्र में जमालपुर मार्ग पर बुधवार को हुए सड़क हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया।जानकारी के अनुसार सैफपुर-फिरोजपुर के निद्धापुरी मोहल्ला निवासी संदीप कुमार (39) अपने साथी रामराज निवासी अनिल कुमार के साथ बाइक से जमालपुर की ओर जा रहे थे। रामराज थाने के पास अचानक बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। हादसे में दोनों सड़क पर जा गिरे। संदीप बाइक के साथ काफी दूर तक घिसट गए, जबकि अनिल सड़क के दूसरी ओर जा गिरा।हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। दोनों घायलों को जानसठ अस्पताल ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने संदीप कुमार को मृत घोषित कर दिया। वहीं अनिल कुमार की हालत गंभीर बताई गई है और उसका उपचार चल रहा है।संदीप की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।