मुजफ्फरनगर। मोरना विकासखंड के मीरावाला खरपौड़ गांव में गुरुवार को पशुपालन विभाग की ओर से शिविर लगाया गया। शिविर में पशुपालकों को पशुओं की देखभाल, बीमारियों से बचाव और सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। पशुओं का टीकाकरण भी कराया गया।ककरौली के पशु चिकित्सा अधिकारी की देखरेख में लगे शिविर में मौसम के दौरान पशुओं में होने वाली बीमारियों पर विशेष चर्चा की गई। पशुपालकों को गांठदार त्वचा रोग से बचाव और बीमारी की स्थिति में उपचार के संबंध में आवश्यक जानकारी दी गई। खुरपका-मुंहपका समेत अन्य बीमारियों से बचाव के लिए टीकाकरण कराया गया।अधिकारियों ने पशुपालकों को पशुपालन विभाग की योजनाओं की जानकारी भी दी और पात्र लोगों से इनका लाभ लेने की अपील की। शिविर में पशुओं की स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को लेकर ग्रामीणों ने चिकित्सकों से परामर्श लिया।इसी दौरान नन्हा प्रीत अपने बीमार बछड़े के लिए दवा लेने पहुंचा। बच्चे को अपने बछड़े की चिंता करते देखकर शिविर में मौजूद लोग भावुक हो गए। अधिकारियों ने भी बच्चे के पशु प्रेम की सराहना की। ग्रामीणों ने कहा कि बच्चों में पशुओं के प्रति ऐसी संवेदनशीलता पशुपालन के प्रति जागरूकता का अच्छा संकेत है।विभाग की ओर से पशुपालकों को सलाह दी गई कि पशुओं में बीमारी के लक्षण दिखाई देने पर घरेलू उपचार के बजाय समय से पशु चिकित्सक से संपर्क करें और जरूरी टीकाकरण जरूर कराएं।