मुजफ्फरनगर। बुढ़ाना क्षेत्र में बड़ौत रोड स्थित शिव शक्ति धाम मंदिर में दो युवकों ने कथित तौर पर शराब के नशे में जमकर हंगामा किया। आरोप है कि युवकों ने मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों को क्षतिग्रस्त कर दिया और बाद में महंत के कमरे के बाहर पहुंचकर दरवाजा पीटते हुए गाली-गलौज की। घटना के बाद मंदिर कमेटी ने पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।मंदिर के महंत मोहन गिरि नागा बाबा के मुताबिक, दोनों युवक मोटरसाइकिल से मंदिर परिसर में पहुंचे थे। कुछ देर बाद उन्होंने वहां हंगामा शुरू कर दिया। सुरक्षा व्यवस्था के लिए लगाए गए सीसीटीवी कैमरों को नुकसान पहुंचाने के बाद दोनों महंत के कमरे की ओर चले गए।युवकों ने कमरे का दरवाजा जोर-जोर से पीटना शुरू कर दिया। महंत ने किसी तरह कमरे के भीतर रहकर स्थिति संभाली और पुलिस को सूचना दी। घटना की जानकारी मिलने पर मंदिर कमेटी के सदस्य भी मौके पर पहुंच गए।पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ मंदिर परिसर में लगे कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। क्षतिग्रस्त कैमरों और अन्य सामान का भी जायजा लिया गया। फुटेज के आधार पर आरोपित युवकों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।मंदिर कमेटी ने पुलिस से मामले में आरोपित युवकों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि उपलब्ध साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच की जा रही है। पहचान होने के बाद आरोपितों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।