मेरठ। ब्रह्मपुरी थाना क्षेत्र में गुरुवार रात कपड़ा कारोबारी के घर को निशाना बनाकर फायरिंग की गई। दो बाइकों पर सवार होकर आए पांच नकाबपोश बदमाश वारदात को अंजाम देने के बाद फरार हो गए। घटना के समय कारोबारी का परिवार घर के अंदर मौजूद था। गोलियों की आवाज से आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।लिसाड़ी रोड स्थित डी-ब्लॉक निवासी दानिश सुहैल कपड़े का कारोबार करते हैं। बताया गया कि गुरुवार सुबह उनका किसी युवक से विवाद हुआ था। रात में बदमाश उनके घर पहुंचे और मकान को निशाना बनाकर गोलियां चलाईं। इसके बाद आरोपी मौके से भाग निकले। घटना के समय सुहैल किसी काम से दिल्ली गए हुए थे, जबकि उनके परिवार के सदस्य घर में मौजूद थे।फायरिंग की सूचना पर ब्रह्मपुरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस को मौके से साक्ष्य जुटाने के साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगालने के निर्देश दिए गए। कैमरों में बदमाशों की गतिविधियां कैद होने की बात सामने आई है। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है।पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि सुबह हुए विवाद का रात की घटना से कोई संबंध है या नहीं। फिलहाल फायरिंग के पीछे की असली वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस की चार टीमें लगाई गई हैं।एसपी सिटी विनायक भोसले ने बताया कि फायरिंग की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की। सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group