मुजफ्फरनगर। न्यायालय में लंबित मुकदमों में पेश नहीं होने वाले वारंटियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत भोपा पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों में दो चेक अनादरण के मामलों में वांछित थे, जबकि दो अन्य एक पुराने मुकदमे में जारी वारंट के आधार पर पुलिस की तलाश में थे। पुलिस ने सभी आरोपियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई शुरू कर दी है।पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में भोपा थाना पुलिस ने अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को पकड़ने में सफलता हासिल की। गिरफ्तार आरोपियों में भोकरहेड़ी निवासी शिवम गर्ग और बेहड़ा थ्रू निवासी प्रविन्द्र कुमार शामिल हैं। दोनों के विरुद्ध चेक अनादरण से संबंधित मामलों में न्यायालय से वारंट जारी थे।इसके अलावा पुलिस ने रूडकली गांव निवासी इरफान और असद को भी गिरफ्तार किया है। दोनों के विरुद्ध वर्ष 2009 से संबंधित एक पुराने मुकदमे में वारंट जारी था। पुलिस काफी समय से इनकी गिरफ्तारी के प्रयास कर रही थी।पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई में थाना पुलिस की टीम शामिल रही। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय से संबंधित मामलों में नियमानुसार आगे की कार्रवाई के लिए प्रस्तुत किया जाएगा।पुलिस का कहना है कि न्यायालय से जारी वारंटों की तामील कराने और लंबे समय से फरार चल रहे आरोपियों को पकड़ने के लिए अभियान जारी रहेगा।