फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता में बच्चों की प्रस्तुतियों ने मोहा मन, अतिथियों ने बढ़ाया उत्साह
मुजफ्फरनगर। बच्चों की खेल प्रतिभा को मंच देने और उनमें प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करने के उद्देश्य से नचिकेता स्कूल्स में जिला स्तरीय स्केटिंग प्रतियोगिता आयोजित की गई। रविवार को बाईपास स्थित विद्यालय परिसर में आयोजित प्रतियोगिता में जिले के 200 से अधिक प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। स्केटिंग में खिलाड़ियों ने अपनी गति और संतुलन का प्रदर्शन किया, जबकि फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता में बच्चों की रचनात्मकता देखने को मिली।कार्यक्रम का शुभारंभ नगरपालिका अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप, प्रदेश सरकार के कौशल विकास राज्यमंत्री कपिलदेव अग्रवाल, पूर्व विधायक अशोक कुमार कंसल और विद्यालय की उपप्रधानाचार्य जसबीर कौर ने संयुक्त रूप से किया। अतिथियों ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि पढ़ाई के साथ खेलकूद में भागीदारी भी बच्चों के व्यक्तित्व विकास के लिए आवश्यक है।प्रतियोगिता के दौरान स्केटिंग खिलाड़ियों ने अपने कौशल, गति और संतुलन से उपस्थित लोगों का ध्यान खींचा। प्रतिभागियों में बेहतर प्रदर्शन करने की ललक दिखाई दी। दूसरी ओर, फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता में बच्चों ने अलग-अलग वेशभूषा और रचनात्मक अंदाज में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इस गतिविधि के माध्यम से बच्चों को अपनी कल्पनाशीलता और अभिव्यक्ति क्षमता दिखाने का अवसर मिला।विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि खेल गतिविधियां बच्चों में अनुशासन, आत्मविश्वास, एकाग्रता और धैर्य विकसित करने में सहायक होती हैं। ऐसी प्रतियोगिताओं से विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा पहचानने और उसे निखारने का अवसर मिलता है। आयोजन में जिले के विद्यार्थियों को अपनी क्षमता प्रदर्शित करने के लिए मंच उपलब्ध कराया गया।कार्यक्रम में प्रबंध समिति के सदस्य योगेश कुमार जैन, अनुराग सिंघल, शुभम जैन, अचिन कंसल, आराध्य जैन और आकाश जैन सहित अन्य लोग मौजूद रहे। आयोजन को सफल बनाने में डिस्ट्रिक्ट रोलर स्केटिंग एसोसिएशन और विद्यालय परिवार का सहयोग रहा।
