मुजफ्फरनगर। दिल्ली से हरिद्वार जा रही बस में सफर कर रहे एक यात्री को नशीला पदार्थ सुंघाकर लूटने का मामला सामने आया है। आरोपी यात्री का बैग लेकर फरार हो गया। बैग में मोबाइल फोन, कैमरा और नकदी समेत अन्य सामान था। आरोप है कि यात्री के खाते से भी आठ हजार रुपये निकाल लिए गए। पुलिस ने शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।दिल्ली के जैतपुर एक्सटेंशन पार्ट-1 निवासी विपुल रावत सात सितंबर को उत्तराखंड परिवहन निगम की बस से हरिद्वार जा रहे थे। रात करीब डेढ़ बजे बस मुजफ्फरनगर के खतौली क्षेत्र में रुकी थी। इसी दौरान उनके पास वाली सीट पर बैठे एक व्यक्ति ने उन्हें शीतल पेय देने की कोशिश की। विपुल ने पेय लेने से मना कर दिया। आरोप है कि इसके बाद व्यक्ति ने उनके मुंह पर कोई नशीला पदार्थ छिड़क दिया, जिससे वह बेहोश हो गए।विपुल को जब होश आया तो बस हरिद्वार पहुंच चुकी थी। उन्होंने अपना सामान संभाला तो बैग गायब मिला। बैग में आईफोन, कैमरा, 10 हजार रुपये नकद और कपड़े रखे थे। पीड़ित के मुताबिक, आरोपी ने उनके खाते से भी आठ हजार रुपये निकाल लिए। इस घटना में उन्हें सामान और नकदी के साथ खाते में जमा रकम का भी नुकसान हुआ।मामले में विपुल रावत ने पुलिस से शिकायत की। क्षेत्राधिकारी खतौली रुपाली रॉय चौधरी के अनुसार, पीड़ित के बयान के आधार पर शून्य प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामले की जांच की जा रही है। घटनास्थल के क्षेत्राधिकार के अनुसार आगे की कार्रवाई के लिए पत्रावली संबंधित थाने को भेजी जाएगी।