मुजफ्फरनगर। गन्ने के मूल्य में बढ़ोतरी और न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) की कानूनी गारंटी की मांग को लेकर भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) ने मोर्चा खोल दिया है। शुक्रवार सुबह संगठन के कार्यकर्ता डीएम कार्यालय परिसर में धरने पर बैठ गए। किसानों ने मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रखने का ऐलान किया है।किसानों की नाराजगी की एक वजह लखनऊ स्थित गन्ना भवन का गेट बंद किया जाना भी है। भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत को वहां पंचायत करनी थी। किसानों का आरोप है कि पंचायत से पहले ही गेट बंद कर दिया गया, जिसके विरोध में संगठन ने प्रदेशभर के जिला मुख्यालयों पर धरना देने का निर्णय लिया। इसी क्रम में मुजफ्फरनगर में भी कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन शुरू कर दिया।धरने पर बैठे किसान गन्ने के भाव में 30 रुपये की बढ़ोतरी करने की मांग उठा रहे हैं। उनका कहना है कि किसानों को फसल का उचित मूल्य मिलना चाहिए और एमएसपी को कानूनी सुरक्षा दी जानी चाहिए। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि मांगों पर सुनवाई होने तक उनका विरोध जारी रहेगा।किसानों ने यह भी ऐलान किया कि मांगें पूरी होने तक जिलाधिकारी को कार्यालय में नहीं बैठने दिया जाएगा। धरने के दौरान किसान अपनी मांगों को लेकर नारेबाजी करते रहे।