मुजफ्फरनगर। मीरापुर में वेल्डिंग की दुकान पर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। गाली-गलौज का विरोध करने पर दुकानदार सलमान के साथ मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने फैजान और उसके साथ आए युवकों पर हमला करने का आरोप लगाया है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।घटना 22 अक्टूबर की सुबह की बताई गई है। सलमान अपनी दुकान पर था, तभी मीरापुर निवासी फैजान वहां पहुंचा। आरोप है कि उसने सलमान के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। दुकानदार ने इसका विरोध किया तो विवाद बढ़ गया। आरोप है कि फैजान ने फोन कर आठ से दस युवकों को मौके पर बुला लिया।सलमान की शिकायत के मुताबिक, वहां पहुंचे युवकों ने पंच, लोहे की रॉड और धारदार हथियारों से उस पर हमला कर दिया। मारपीट में उसके सिर, छाती और गर्दन पर चोटें आईं। आरोप है कि हमलावर घटना के बाद उसे जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से चले गए।मामले की शिकायत मिलने पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। जांच की जिम्मेदारी उपनिरीक्षक मदन पाल सिंह को सौंपी गई है। पुलिस घटना से जुड़े आरोपों की जांच कर रही है।