मुजफ्फरनगर। जिले में वायु प्रदूषण पर लगाम लगाने के लिए प्रशासन ने सख्त कदम उठाया है। जांच के दौरान नियमों की अनदेखी सामने आने पर तीन औद्योगिक इकाइयों का संचालन बंद करा दिया गया। अधिकारियों ने इकाइयों के मुख्य गेट सील कर दिए। कार्रवाई से औद्योगिक क्षेत्र में हड़कंप मच गया।जिलाधिकारी उमेश कुमार मिश्रा के निर्देश पर गठित संयुक्त समिति ने औद्योगिक इकाइयों का निरीक्षण किया। जांच में स्लैग क्रशिंग के दौरान काफी धूल उड़ती मिली। धूल को वातावरण में फैलने से रोकने के लिए जरूरी इंतजाम भी नहीं पाए गए। स्थानीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अधिकारी संतोष कुमार के अनुसार, निरीक्षण के दौरान सज्जन स्टील लिमिटेड, मेसर्स मयूर और आदित्य ट्रेडर्स में प्रदूषण नियंत्रण के पर्याप्त उपाय नहीं मिले।जांच के दौरान तीनों इकाइयों के प्रतिनिधि संचालन से संबंधित जरूरी दस्तावेज भी प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद समिति ने कार्रवाई करते हुए इकाइयों के मुख्य गेट सील कर दिए और संचालन बंद करा दिया।प्रशासन के अनुसार, यह कदम स्थानीय लोगों को धूल और वायु प्रदूषण से होने वाली परेशानी से बचाने के उद्देश्य से उठाया गया है। अधिकारियों ने संकेत दिया कि औद्योगिक इकाइयों को प्रदूषण नियंत्रण के नियमों का पालन करना होगा। भविष्य में संचालन की अनुमति देने से पहले जरूरी व्यवस्थाओं की जांच अहम होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group