मुजफ्फरनगर। शाहपुर थाना क्षेत्र में रविवार सुबह हुए सड़क हादसे में 56 वर्षीय रहाना की जान चली गई। सड़क पार करते समय तेज रफ्तार डंपर ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वह उछलकर करीब 10 फीट दूर जा गिरीं। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुटी है।जानकारी के अनुसार, रहाना रविवार सुबह करीब 11बजे बस से उतरने के बाद पैदल सड़क पार कर रही थीं। इसी दौरान कांवड़िया रोड पर नगर पंचायत कार्यालय के सामने डंपर ने उन्हें टक्कर मार दी। गंभीर चोट लगने के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की।हादसे के बाद डंपर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने डंपर को कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी है। आसपास की दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि हादसे से जुड़े तथ्यों का पता लगाया जा सके।परिजनों के अनुसार, रहाना के पति इरशाद सऊदी अरब में एक होटल में काम करते हैं। उनका बेटा साहिल ऑटो चलाकर परिवार की आजीविका में सहयोग करता है। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group