बागपत। दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर मंगलवार देर शाम एक ऑटो पलटने से तीन लोग घायल हो गए। हादसा नंगला बहलोलपुर के पास हुआ। ऑटो में पांच लोग सवार थे। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल भिजवाया और यातायात सुचारु कराया।हादसे में बड़ौत निवासी ज्योति, हमीदाबाद उर्फ नगायंगाव निवासी रवि और गोठरा निवासी मदन घायल हो गए। तीनों को उपचार के लिए बागपत के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के दौरान रवि की हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया। इसके बाद परिजन उन्हें सर्वोदय हॉस्पिटल ले गए।ऑटो पलटने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी जुटाई। कोतवाली प्रभारी मनोज चाहल ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी जानकारी जांच के बाद सामने आएगी।