बागपत। त्योहारों से पहले पुलिस ने अवैध पटाखे बनाने और उनका भंडारण करने वालों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। इसी अभियान के तहत पुलिस ने कई स्थानों पर छापेमारी कर बड़ी मात्रा में पटाखे और उन्हें बनाने में इस्तेमाल होने वाली 16 मशीनें बरामद की हैं। कार्रवाई के दौरान चार आरोपितों को गिरफ्तार किया गया, जबकि कुछ आरोपी मौके से फरार हो गए।पुलिस ने सिंघावली अहीर थाना क्षेत्र में दो फैक्ट्रियों और तीन गोदामों पर छापा मारा। तलाशी के दौरान यहां से अवैध पटाखे बरामद हुए। इसके अलावा बालैनी थाना क्षेत्र के दत्तनगर गांव में एक मकान पर भी पुलिस ने छापेमारी की। यहां से भी बड़ी मात्रा में पटाखे मिले। पुलिस बरामद सामान को कब्जे में लेकर मामले की जांच कर रही है।दत्तनगर गांव में छापेमारी के दौरान रिजवान अपने दो साथियों के साथ मौके से फरार हो गया। पुलिस उनकी तलाश में जुटी है। वहीं, सिंघावली अहीर थाना क्षेत्र की कार्रवाई में वाजिद, तस्लीम, फारुख और जैद को गिरफ्तार किए जाने की जानकारी दी गई है।आगामी त्योहारों को देखते हुए पुलिस ने अवैध पटाखों के निर्माण और बिक्री पर रोक लगाने के लिए निगरानी बढ़ा दी है। पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर विभिन्न स्थानों के साथ सीमा चौकियों पर भी जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि अवैध रूप से पटाखे बनाने और बेचने वालों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा।