मुजफ्फरनगर। प्रदेश सरकार ने प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल करते हुए मुजफ्फरनगर के जिलाधिकारी उमेश मिश्रा का तबादला कर दिया है। उनकी जगह 2016 बैच के आईएएस अधिकारी सुनील कुमार सिंह को जिले का नया जिलाधिकारी बनाया गया है। तबादले की सूचना शुक्रवार देर रात जारी की गई।उमेश मिश्रा को शासन में विशेष सचिव की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं, सुनील कुमार सिंह अब तक ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण में अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी (एसीईओ) के पद पर तैनात थे। शासन ने उन्हें वहां से हटाकर मुजफ्फरनगर भेजा है।सुनील कुमार सिंह इससे पहले भी मुजफ्फरनगर में अपर जिलाधिकारी प्रशासन के पद पर काम कर चुके हैं। ऐसे में जिले की प्रशासनिक व्यवस्था और स्थानीय परिस्थितियों से उनका पुराना परिचय है। वह उत्तर प्रदेश कैडर के 2016 बैच के आईएएस अधिकारी हैं। राज्य सिविल सेवा से भारतीय प्रशासनिक सेवा में आने के बाद उन्होंने विभिन्न पदों पर जिम्मेदारी निभाई है।प्रदेश सरकार ने कुल 38 आईएएस अधिकारियों के कार्यक्षेत्र में बदलाव किया है। इस फेरबदल में कई जिलों के जिलाधिकारी भी बदले गए हैं। जोगिंदर सिंह को बिजनौर, गौरव सिंह सोगरवाल को सिद्धार्थनगर और अन्य अधिकारियों को अलग-अलग जिलों में नई जिम्मेदारी सौंपी गई है।इसके अलावा 12 प्रशिक्षु आईएएस अधिकारियों को भी विभिन्न जिलों में प्रशिक्षण के लिए तैनात किया गया है। इनमें 2024 बैच के तीन और 2025 बैच के नौ अधिकारी शामिल हैं।मुजफ्फरनगर में नए जिलाधिकारी की तैनाती को प्रशासनिक दृष्टि से अहम माना जा रहा है। अब जिले में विकास कार्यों, सरकारी योजनाओं और जनसमस्याओं के निस्तारण की जिम्मेदारी सुनील कुमार सिंह के हाथों में होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group