मुजफ्फरनगर। जनपद में बढ़ते अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस प्रशासन ने हिस्ट्रीशीटर अपराधियों के खिलाफ विशेष अभियान छेड़ दिया है। इसी अभियान के तहत विभिन्न थाना क्षेत्रों में चिन्हित हिस्ट्रीशीटरों को थानों में बुलाकर उनकी परेड कराई गई और उनके वर्तमान गतिविधियों का बारीकी से सत्यापन किया गया।
पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में एक-एक हिस्ट्रीशीटर की प्रोफाइल की जांच की गई। उनके पुराने आपराधिक रिकॉर्ड को खंगालते हुए यह भी देखा गया कि वे वर्तमान में किस प्रकार की गतिविधियों में संलिप्त हैं। इस दौरान कई अपराधियों को कड़ी फटकार लगाई गई और साफ शब्दों में चेतावनी दी गई कि अगर भविष्य में किसी भी तरह की आपराधिक गतिविधि में शामिल पाए गए तो उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करते हुए सीधे जेल भेजा जाएगा।
अभियान के दौरान पुलिस ने हिस्ट्रीशीटरों को यह भी निर्देशित किया कि वे अपने क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। साथ ही उन्हें समय-समय पर थाने में हाजिरी देने के निर्देश भी दिए गए, ताकि उनकी गतिविधियों पर नजर रखी जा सके।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह अभियान वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर चलाया जा रहा है और जनपद के सभी थानों में लगातार जारी रहेगा। जिन हिस्ट्रीशीटरों की उपस्थिति नहीं मिल रही है, उनकी तलाश के लिए अलग टीमें गठित की गई हैं और उन्हें जल्द ही ट्रेस कर सत्यापन प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
पुलिस प्रशासन का मानना है कि इस तरह की सख्ती से न केवल अपराधियों में भय का माहौल बनेगा, बल्कि आम जनता को भी सुरक्षा का एहसास होगा। आने वाले दिनों में भी ऐसे अभियान जारी रहेंगे, जिससे जिले में कानून-व्यवस्था को और मजबूत किया जा सके।
