मुजफ्फरनगर। जिले के माटीकला कारीगरों की आय बढ़ाने और उनके कार्य को आधुनिक उपकरणों से सशक्त बनाने के उद्देश्य से जिला ग्रामोद्योग अधिकारी कार्यालय, खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड द्वारा वित्तीय वर्ष 2026–27 के लिए नि:शुल्क टूल-किट वितरण योजना की घोषणा की गई है। योजना के अंतर्गत पात्र कारीगरों एवं स्वयं सहायता समूहों के सदस्यों को आधुनिक उपकरण उपलब्ध कराए जाएंगे।
इस वर्ष जिले में कुल 30 विद्युत चालित चाक (इलेक्ट्रिक पॉटरी व्हील) और 8 पगमिल मशीनों के वितरण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। योजना का उद्देश्य पारंपरिक माटीकला कार्य को तकनीकी रूप से सशक्त बनाते हुए कारीगरों की उत्पादन क्षमता और आय में वृद्धि करना है।
योजना के तहत आवेदन करने के लिए कुछ अनिवार्य शर्तें निर्धारित की गई हैं। आवेदक का जनपद मुजफ्फरनगर का मूल निवासी होना आवश्यक है तथा उसकी आयु 18 से 55 वर्ष के बीच होनी चाहिए। लाभार्थियों को टूल-किट प्राप्त करने से पूर्व मंडलीय ग्रामोद्योग प्रशिक्षण केंद्र पर तीन दिवसीय आधुनिक उपकरण संचालन का आवासीय प्रशिक्षण अनिवार्य रूप से लेना होगा। इसके अतिरिक्त आवेदक के परिवार में किसी अन्य सदस्य को पहले माटीकला बोर्ड या अन्य विभाग से इस प्रकार की टूल-किट प्राप्त नहीं हुई होनी चाहिए।
विज्ञप्ति में यह भी स्पष्ट किया गया है कि आवेदक का नाम माटीकला कारीगरों की आधिकारिक सूची में शामिल होना चाहिए अथवा संबंधित तहसील द्वारा उसके कारीगर होने का प्रमाणित किया जाना आवश्यक है। वहीं पगमिल मशीन के लिए चयन उन लाभार्थियों में से किया जाएगा, जो “मुख्यमंत्री माटीकला रोजगार योजना” के अंतर्गत वर्ष 2025–26 तक वित्तपोषित, स्थापित और संचालित इकाइयों से जुड़े हुए हैं तथा जिन्होंने माटीकला व्यवसाय में गंभीरता से कार्य किया है।
आवेदन के साथ आधार कार्ड, राशन कार्ड, शैक्षिक योग्यता प्रमाण पत्र, प्रशिक्षण प्रमाण पत्र (यदि उपलब्ध हो) तथा जाति प्रमाण पत्र संलग्न करना अनिवार्य होगा। लाभार्थियों का चयन शासनादेश संख्या 55/2019/1108/59-2-2019-10(खातो)2018 दिनांक 19 दिसंबर 2019 के प्रावधानों के अनुसार किया जाएगा।
इच्छुक अभ्यर्थियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे 31 मई 2026 तक उत्तर प्रदेश माटीकला बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट upmatikala board.in पर ऑनलाइन आवेदन करें और उसकी हार्ड कॉपी किसी भी कार्य दिवस में जिला ग्रामोद्योग अधिकारी कार्यालय में जमा कर दें।
जिला ग्रामोद्योग अधिकारी ने जनपद के सभी पात्र माटीकला कारीगरों से योजना का लाभ उठाने के लिए समय रहते आवेदन करने की अपील की है, ताकि वे आधुनिक उपकरणों की सहायता से अपने व्यवसाय को नई दिशा दे सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group