मुजफ्फरनगर। जनपद में बैंकिंग व्यवस्था को अधिक सुरक्षित और पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। कार्यक्रम का आयोजन फाइनेंशियल इंटेलिजेंस यूनिट-इंडिया (FIU-India) के सहयोग से आदर्श महिला मल्टीस्टेट कोऑपरेटिव बैंक लिमिटेड के तत्वावधान में जिला सहकारी बैंक के कॉन्फ्रेंस हॉल में संपन्न हुआ।
बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे FIU-India के जॉइंट डायरेक्टर सतीश कुमार ने बैंक अधिकारियों को मनी लॉन्ड्रिंग (धन शोधन) से जुड़े नियमों, निगरानी तंत्र और सतर्कता के उपायों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि वित्तीय संस्थानों की जिम्मेदारी है कि वे संदिग्ध लेन-देन पर कड़ी नजर रखें और समय पर रिपोर्टिंग सुनिश्चित करें, जिससे आर्थिक अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।
इस अवसर पर बैंक के चेयरमैन डॉ. के. सी. गोयल ने बैंकिंग क्षेत्र में पारदर्शिता और नियमों के पालन की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि आधुनिक दौर में डिजिटल लेन-देन बढ़ने के साथ जोखिम भी बढ़ा है, ऐसे में सभी अधिकारियों को सतर्क रहना जरूरी है।
कार्यक्रम में बैंक डायरेक्टर आदर्श गोयल, चीफ जनरल मैनेजर अजय भार्गव, आयुषी गोयल, रचि गर्ग, आरती गर्ग, विवेक निर्वाल, रूपा शर्मा, राखी अग्रवाल, चंदन कुशवाहा और पवन कुमार सहित अनेक बैंक प्रतिनिधि मौजूद रहे। बैठक के दौरान बैंकिंग सुरक्षा, नियामकीय दिशा-निर्देशों के अनुपालन तथा संदिग्ध गतिविधियों की पहचान को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
कार्यक्रम का संचालन अजय भार्गव ने किया, जबकि सहकारी बैंक के सचिव रजेश कुमार ने अतिथियों का स्वागत किया। अंत में आदर्श गोयल ने सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए बैठक का समापन किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group