मुजफ्फरनगर। जनपद में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) अक्षय संजय ने जानसठ सर्किल के थाना जानसठ, मीरापुर और रामराज का औचक निरीक्षण किया। अचानक हुए इस निरीक्षण से संबंधित थानों में हड़कंप की स्थिति देखने को मिली और पुलिस कर्मियों की कार्यप्रणाली की गहन समीक्षा की गई।
निरीक्षण के दौरान एसपी ग्रामीण ने थानों के कार्यालय, कंप्यूटर कक्ष, महिला हेल्प डेस्क, साइबर हेल्प डेस्क, आगंतुक कक्ष, हवालात, बैरक और मालखाने का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने अभिलेखों के रख-रखाव, अपराध रजिस्टरों के अद्यतन तथा लंबित विवेचनाओं की स्थिति पर विशेष ध्यान देते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

एसपी ग्रामीण ने सीसीटीएनएस प्रणाली की कार्यप्रणाली और डेटा अपडेट की स्थिति का भी जायजा लिया तथा निर्देश दिए कि सभी प्रविष्टियां समयबद्ध और त्रुटिरहित तरीके से सुनिश्चित की जाएं। महिला हेल्प डेस्क के निरीक्षण के दौरान उन्होंने महिलाओं से संबंधित शिकायतों के त्वरित, संवेदनशील और प्रभावी निस्तारण पर जोर दिया।
इसके साथ ही उन्होंने थानों में साफ-सफाई, अनुशासन, शस्त्रों के रख-रखाव और ड्यूटी प्रबंधन की स्थिति की समीक्षा करते हुए सुधार के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि थाने पर आने वाले प्रत्येक फरियादी की समस्या को प्राथमिकता के आधार पर सुना जाए और उसका गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित किया जाए।
निरीक्षण के दौरान थाना प्रभारी जानसठ विनोद कुमार, थाना प्रभारी मीरापुर राजीव शर्मा एवं थाना अध्यक्ष रामराज ज्ञानेंद्र सिरोही सहित अन्य पुलिस अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे। एसपी ग्रामीण ने सभी को कार्य में पारदर्शिता, जवाबदेही और जनहित को सर्वोपरि रखने के निर्देश दिए।
