मुजफ्फरनगर। शहर के व्यस्त प्रकाश चौक से महावीर चौक मार्ग पर स्थित एक गैस एजेंसी में ऑक्सीजन सिलेंडर फटने से गुरुवार को इलाके में अचानक अफरा-तफरी मच गई। तेज धमाके की आवाज से आसपास के दुकानदारों और राहगीरों में दहशत फैल गई। घटना में पास की तीन दुकानों को गंभीर नुकसान पहुंचा है, हालांकि किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार धमाका इतना तेज था कि आसपास की दुकानों के शीशे टूट गए और सामान बिखर गया। घटना के तुरंत बाद स्थानीय पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और राहत व निरीक्षण कार्य शुरू कराया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने घटनास्थल का जायजा लेते हुए मामले की गंभीरता को देखते हुए दो विशेष टीमों का गठन किया है। इन टीमों को क्षेत्र में संचालित ऑक्सीजन सिलेंडर की दुकानों की जांच करने और सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिन दुकानों में सुरक्षा मानकों की अनदेखी पाई जाएगी, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल विस्फोट के कारणों का पता लगाने के लिए जांच जारी है।
