मुजफ्फरनगर, 23 अप्रैल 2026। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, मुजफ्फरनगर द्वारा आगामी 9 मई 2026 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाने के उद्देश्य से अधिकारियों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता डॉ. सत्येन्द्र कुमार चौधरी, सिविल जज (सी०डि०) एवं सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने जनपद न्यायालय के वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कक्ष में की।
बैठक में डॉ. चौधरी ने निर्देश दिए कि अधिक से अधिक लंबित मामलों को राष्ट्रीय लोक अदालत में चिन्हित कर उनका त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने बताया कि माननीय जनपद न्यायाधीश एवं प्राधिकरण के अध्यक्ष के निर्देशन में 9 मई (द्वितीय शनिवार) को दीवानी न्यायालय परिसर मुजफ्फरनगर सहित बाह्य न्यायालय बुढाना, ग्राम न्यायालय जानसठ, खतौली तथा कलक्ट्रेट परिसर में लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा।
इस राष्ट्रीय लोक अदालत में आपराधिक मामलों, धारा 138 एनआई एक्ट, बैंक रिकवरी, मोटर दुर्घटना प्रतिकर याचिकाएं, बिजली-पानी व टेलीफोन बिल विवाद, वैवाहिक वाद, भूमि अधिग्रहण, राजस्व एवं अन्य सिविल वादों का आपसी समझौते के आधार पर निस्तारण किया जाएगा।
बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारी भी उपस्थित रहे, जिनमें जिला पूर्ति अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी, संयुक्त आयुक्त (वस्तु एवं सेवा कर), जिला दिव्यांग अधिकारी समेत अन्य संबंधित अधिकारी शामिल रहे। सभी अधिकारियों को अपने-अपने विभागों से संबंधित मामलों को चिन्हित कर लोक अदालत में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने आमजन से भी अपील की है कि वे अपने विवादों का शीघ्र, सरल एवं सुलहपूर्ण समाधान पाने के लिए राष्ट्रीय लोक अदालत का अधिकतम लाभ उठाएं।
