मुजफ्फरनगर, 24 अप्रैल 2026। जनपद में महिलाओं से जुड़े मामलों के त्वरित निस्तारण और उनके सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत राष्ट्रीय महिला आयोग की माननीय अध्यक्ष विजया रहाटकर की अध्यक्षता में महिला जन-सुनवाई एवं उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा कर महिला सुरक्षा और कल्याण योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया गया।
जनपद आगमन पर जिलाधिकारी उमेश मिश्रा, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा तथा मुख्य विकास अधिकारी कंडारकर कमलकिशोर देशभूषण द्वारा अध्यक्ष का सम्मान कर स्वागत किया गया। इसके बाद विकास भवन सभागार में आयोजित जन-सुनवाई में राष्ट्रीय महिला आयोग में पंजीकृत 48 मामलों सहित अन्य शिकायतों की सुनवाई कर संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए गए। साथ ही सभी मामलों की अनुपालन आख्या आयोग को भेजने के निर्देश भी जारी किए गए।
जन-सुनवाई के दौरान उपस्थित महिलाओं और बालिकाओं को केंद्र एवं प्रदेश सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं—जैसे मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, मनरेगा एवं अन्य स्पॉन्सरशिप योजनाओं का लाभ दिलाने हेतु अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
इसके उपरांत आयोजित समीक्षा बैठक में महिलाओं से संबंधित योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति, लाभार्थियों के जीवन में आए बदलाव और कार्यस्थल पर सुरक्षा सुनिश्चित करने के उपायों पर विस्तार से चर्चा की गई। विशेष रूप से पॉश एक्ट 2013 के प्रभावी अनुपालन के लिए गठित आंतरिक एवं स्थानीय समितियों की कार्यप्रणाली की समीक्षा की गई। इस दौरान जिलाधिकारी द्वारा पॉश एक्ट के अंतर्गत किए गए प्रयासों की अध्यक्ष द्वारा सराहना करते हुए उन्हें बधाई दी गई।
अध्यक्ष ने जिला प्रशासन और पुलिस को राष्ट्रीय महिला आयोग की पहल “तेरे मेरे सपने” के अंतर्गत प्री-मैरिटल काउंसलिंग सेंटर स्थापित करने का आह्वान भी किया, जिससे पारिवारिक विवादों की रोकथाम और सामाजिक समरसता को बढ़ावा मिल सके।
कार्यक्रम के दौरान श्रीराम ग्रुप ऑफ कॉलेज में आयोजित “कैम्पस कॉलिंग” कार्यक्रम में भी अध्यक्ष ने प्रतिभाग कर छात्राओं को जागरूक किया। अंत में अध्यक्ष द्वारा जिला प्रशासन और पुलिस अधिकारियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया तथा महिलाओं के सुरक्षित और सम्मानजनक कार्यस्थल के लिए शपथ भी दिलाई गई।
कार्यक्रम का संचालन समिति सदस्य डॉ. राजीव कुमार द्वारा किया गया। इस अवसर पर जनपद के सभी प्रमुख प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी, महिला कल्याण विभाग के कर्मचारी एवं स्थानीय समिति के सदस्य उपस्थित रहे।
