मुजफ्फरनगर। जनपद पुलिस में गुरुवार देर शाम सम्मान और भावनाओं से भरा माहौल देखने को मिला, जब अपर पुलिस अधीक्षक एवं क्षेत्राधिकारी खतौली राम आशीष यादव के स्थानांतरण पर विदाई समारोह आयोजित किया गया। उन्हें लखनऊ कमिश्नरेट में अपर पुलिस उपायुक्त (एडीसीपी) के पद पर नियुक्त किया गया है, जिसे पुलिस विभाग में एक महत्वपूर्ण जिम्मेदारी माना जाता है।
कार्यक्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने उन्हें पुष्पमाला पहनाकर सम्मानित किया और स्मृति चिह्न भेंट किया। अपने संबोधन में एसएसपी ने कहा कि राम आशीष यादव ने अपने कार्यकाल में अनुशासित कार्यशैली, दृढ़ नेतृत्व और जनहित के प्रति प्रतिबद्धता का परिचय दिया। उन्होंने कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के साथ-साथ पुलिस की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता और प्रभावशीलता लाने में अहम भूमिका निभाई।
समारोह में डॉ. नीलम राय, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अक्षय संजय महाडीक, पुलिस अधीक्षक यातायात अतुल कुमार चौबे, पुलिस अधीक्षक अपराध इंदु सिद्धार्थ और सहायक पुलिस अधीक्षक नगर सिद्धार्थ के मिश्रा सहित कई वरिष्ठ अधिकारी, क्षेत्राधिकारी, कर्मचारी और उनके परिजन मौजूद रहे। सभी ने उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मान व्यक्त किया और उनके साथ बिताए कार्यकाल की सराहना की।
सहकर्मियों ने अपने संबोधन में कहा कि राम आशीष यादव ने जिले में रहते हुए अपराध नियंत्रण, कानून व्यवस्था के सुदृढ़ीकरण और पुलिसिंग को जनोन्मुख बनाने में उल्लेखनीय योगदान दिया। उनकी कार्यकुशलता और व्यवहारिक नेतृत्व ने पुलिस टीम को मजबूती प्रदान की।
समारोह के दौरान एक ओर जहां विदाई की भावुकता थी, वहीं दूसरी ओर उनके बेहतर भविष्य को लेकर गर्व और शुभकामनाओं का माहौल भी रहा। मुजफ्फरनगर पुलिस परिवार ने उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं देते हुए आशा जताई कि वे लखनऊ में भी अपनी कार्यशैली से विभाग का मान बढ़ाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group