मुजफ्फरनगर, 27 अप्रैल 2026। जनपद में व्यापारिक गतिविधियों को सुचारु बनाए रखने और व्यापारियों की समस्याओं के त्वरित समाधान को लेकर जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने कड़ा रुख अपनाया है। सोमवार को कलेक्ट्रेट परिसर स्थित कैंप कार्यालय सभागार में आयोजित जिला व्यापार बंधु की बैठक में डीएम ने संबंधित विभागों को स्पष्ट निर्देश दिए कि व्यापारी संगठनों से जुड़ी समस्याओं का समयबद्ध और प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने आगामी बरसात के मौसम को देखते हुए शहर के ड्रेनेज सिस्टम को दुरुस्त करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने नगर पालिका को निर्देशित किया कि योजनाबद्ध तरीके से सर्वे कर जलभराव वाले स्थानों की पहचान की जाए और उनके स्थायी समाधान के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार की जाए। साथ ही नालों के निर्माण, सफाई और मरम्मत कार्यों को तय समय सीमा में पूरा करने के निर्देश भी दिए गए।
मंडी समिति से संबंधित समस्याओं को भी बैठक में गंभीरता से उठाया गया, जिस पर डीएम ने मंडी सचिव को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि व्यापारियों को किसी भी प्रकार की अनावश्यक परेशानी नहीं होनी चाहिए और उनकी शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए।
जिलाधिकारी ने बैठक में मौजूद व्यापारी संगठनों के पदाधिकारियों की समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुना और कई मामलों का मौके पर ही निस्तारण भी कराया। उन्होंने नगर की स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए नगर पालिका को सख्त निर्देश देते हुए सभी नालियों और नालों की नियमित सफाई, निर्माण और मरम्मत सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही व्यापारियों से भी शहर को स्वच्छ रखने में सहयोग की अपील की।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी कमल किशोर कंडारकर, उपायुक्त प्रशासन राज्य कर शोभित श्रीवास्तव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं व्यापारी संगठन के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group