मुजफ्फरनगर। नई मंडी कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में एक युवती ने गांव के ही युवक पर गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है। युवती का कहना है कि आरोपी ने पहले प्रेम संबंध बनाए, फिर शादी का भरोसा देकर उसके साथ दुष्कर्म किया और बाद में अश्लील वीडियो बनाकर उसे लंबे समय तक ब्लैकमेल करता रहा।
पीड़िता अपने माता-पिता के साथ थाने पहुंची और लिखित शिकायत देते हुए बताया कि आरोपी मयंक पुत्र सुधीर ने उसे अपने झांसे में लेकर भरोसा दिलाया कि वह उससे विवाह करेगा। इसी भरोसे का फायदा उठाकर उसने उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। युवती का आरोप है कि इस दौरान आरोपी ने उसकी आपत्तिजनक वीडियो बना ली, जिसे वायरल करने की धमकी देकर करीब दो वर्षों तक उसका शोषण करता रहा।
शिकायत में यह भी कहा गया है कि आरोपी ने डर दिखाकर युवती से घर के आभूषण भी ले लिए। इतना ही नहीं, जब उसकी शादी 24 अप्रैल को हरिद्वार जिले के एक गांव में तय हुई, तो आरोपी ने हस्तक्षेप कर वह रिश्ता भी तुड़वा दिया। विरोध करने पर आरोपी ने कथित तौर पर उसे जीवन बर्बाद करने की धमकी दी और इसके बाद फरार हो गया।
युवती ने कुछ अन्य युवकों पर भी आरोपी का साथ देने का आरोप लगाया है। मामले को लेकर परिवार में दहशत का माहौल है और उन्होंने सभी आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शिकायत प्राप्त हो चुकी है और पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
