आगरा। सोशल मीडिया पर साझा किए गए एक सुसाइड नोट ने आधी रात पुलिस महकमे में हलचल मचा दी। जैतपुर क्षेत्र के एक छात्र द्वारा इंस्टाग्राम पर भावुक पोस्ट डालने के कुछ ही मिनटों बाद पुलिस उसकी लोकेशन तक पहुंच गई और समय रहते आत्मघाती कदम उठाने से रोक लिया। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से एक बड़ा हादसा टल गया।बताया गया कि 17 वर्षीय छात्र बीए द्वितीय वर्ष का विद्यार्थी है। देर रात उसने अपनी मां के नाम इंस्टाग्राम पर एक भावुक संदेश पोस्ट किया, जिसमें उसने खुद को परिवार पर बोझ बताते हुए माफी मांगी और भाई-बहनों से मां का ध्यान रखने की अपील की। पोस्ट सामने आते ही सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म की सुरक्षा प्रणाली सक्रिय हो गई और तत्काल इसकी सूचना उत्तर प्रदेश पुलिस की मीडिया सेल को भेजी गई।सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारियों ने तकनीकी टीम की मदद से छात्र की लोकेशन ट्रेस कराई और थाना जैतपुर पुलिस को मौके पर रवाना किया। पुलिस टीम जब छात्र के घर पहुंची तो परिजन गहरी नींद में थे और उन्हें किसी अनहोनी की भनक तक नहीं थी। पुलिस ने तुरंत छात्र के कमरे का दरवाजा खुलवाया। अंदर छात्र हाथ में कीटनाशक की बोतल लिए बैठा था, जबकि पास में रस्सी भी रखी हुई थी। यह देखकर पुलिस ने तत्काल उसे अपने कब्जे में लेकर सुरक्षित किया।पूछताछ के दौरान छात्र ने बताया कि उसकी सोशल मीडिया के जरिए एक युवती से दोस्ती हुई थी। दोनों के बीच लंबे समय से बातचीत चल रही थी, लेकिन हाल ही में विवाद होने के बाद संपर्क टूट गया। इसी बात से वह मानसिक तनाव में चला गया और उसने आत्महत्या का फैसला कर लिया था। उसने यह भी बताया कि उसने जहर और फांसी दोनों की तैयारी कर रखी थी, ताकि बचने की कोई संभावना न रहे।पुलिस ने छात्र और उसके परिवार की काउंसलिंग कर उन्हें मानसिक रूप से संभालने का प्रयास किया। अधिकारियों ने छात्र को जीवन का महत्व समझाया, जिसके बाद उसने भविष्य में ऐसा कदम न उठाने का भरोसा दिया। परिजनों ने समय रहते मदद पहुंचाने के लिए पुलिस और सोशल मीडिया सुरक्षा तंत्र की सराहना की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group