बरेली। शहर के सिविल लाइंस क्षेत्र स्थित एक चर्चित जिम में महिला डॉक्टर के साथ कथित दुष्कर्म और ब्लैकमेलिंग का मामला सामने आने से सनसनी फैल गई है। आरोप है कि जिम संचालक और उसके भाई ने फिटनेस और तेजी से वजन कम कराने का झांसा देकर महिला को अपने जाल में फंसाया, फिर नशीला पदार्थ पिलाकर उसके साथ दुष्कर्म किया और अश्लील वीडियो बनाकर लंबे समय तक मानसिक व आर्थिक शोषण करते रहे।पुलिस के अनुसार, पीड़ित महिला पेशे से एमबीबीएस डॉक्टर हैं और पिछले करीब दो वर्षों से शहर के एक निजी जिम में फिटनेस ट्रेनिंग के लिए जाती थीं। इसी दौरान जिम संचालक अकरम बेग और उसके भाई आलम बेग से उनकी जान-पहचान हुई। आरोप है कि दोनों भाइयों ने महिला को विशेष फिटनेस ड्रिंक के नाम पर नशीला पदार्थ पिलाया, जिससे वह बेहोश हो गईं। इसके बाद जिम के एक कमरे में उनके साथ दुष्कर्म किया गया।शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि पूरी घटना को पहले से लगाए गए गुप्त कैमरों में रिकॉर्ड किया गया। बाद में आरोपियों ने इन्हीं वीडियो के जरिए महिला को लगातार ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। बदनामी के डर से महिला काफी समय तक चुप रहीं और आरोपियों के दबाव में उन्हें रकम भी देती रहीं। बताया जा रहा है कि हाल ही में आरोपियों ने महिला से बड़ी धनराशि की मांग की और धमकियां देना शुरू कर दिया, जिसके बाद पीड़िता ने पुलिस की शरण ली।मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर विशेष टीमों का गठन किया गया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। जांच के दौरान जिम से मोबाइल फोन, पेन ड्राइव और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए गए हैं, जिनमें कई आपत्तिजनक वीडियो मिलने की बात सामने आ रही है।पुलिस अब इस एंगल से भी जांच कर रही है कि कहीं आरोपियों ने इसी तरह अन्य महिलाओं को भी निशाना तो नहीं बनाया। घटना के बाद शहर में लोगों में आक्रोश व्याप्त है और विभिन्न सामाजिक संगठनों ने दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है। अधिकारियों का कहना है कि मामले में सभी डिजिटल साक्ष्यों की फॉरेंसिक जांच कराई जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group