बुढ़ाना। तहसील परिसर स्थित बार सभागार उस समय खास माहौल में बदल गया, जब बुढ़ाना बार एसोसिएशन की ओर से नव नियुक्त सिविल जज (जूनियर डिवीजन) अमित यादव के स्वागत में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में अधिवक्ताओं और न्यायिक अधिकारियों ने न्याय व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए बार और बेंच के बीच बेहतर तालमेल की आवश्यकता पर जोर दिया।समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे सिविल जज अमित यादव ने कहा कि न्यायपालिका की मजबूती में अधिवक्ताओं की भूमिका बेहद अहम होती है। उन्होंने कहा कि बार और बेंच एक-दूसरे के सहयोगी हैं और दोनों का लक्ष्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक निष्पक्ष और त्वरित न्याय पहुंचाना है। उन्होंने अधिवक्ताओं से सकारात्मक सहयोग की अपेक्षा जताते हुए कहा कि आपसी समन्वय से ही न्यायिक प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी और प्रभावशाली बनाया जा सकता है।कार्यक्रम के दौरान केवल औपचारिक चर्चा ही नहीं हुई, बल्कि सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने भी लोगों का ध्यान आकर्षित किया। वरिष्ठ अधिवक्ता अवध बिहारी गर्ग और प्रशांत शर्मा ने अपने गीतों से ऐसा समां बांधा कि सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। उपस्थित लोगों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का जमकर आनंद लिया।बार महासचिव सुभाष राठी ने कार्यक्रम का संचालन करते हुए कहा कि बार एसोसिएशन हमेशा न्यायिक व्यवस्था को मजबूत करने में अपनी जिम्मेदारी निभाता रहेगा। उन्होंने कहा कि अधिवक्ताओं और न्यायिक अधिकारियों के बीच स्वस्थ संवाद से वादकारियों को बेहतर न्याय मिल सकेगा।बार अध्यक्ष सुरेशपाल वर्मा ने नवागंतुक जज का स्वागत करते हुए उन्हें बार की ओर से हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। इस दौरान पूर्व अध्यक्ष बाबू सिंह राठी, विनोद त्यागी और अशोक राठी ने भी अपने विचार रखे और न्यायिक कार्यों में पारदर्शिता तथा आपसी समन्वय बनाए रखने पर बल दिया।समारोह के अंत में अतिथियों को सम्मानित किया गया तथा मिष्ठान वितरण के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। इस अवसर पर बड़ी संख्या में अधिवक्ता और न्यायिक कर्मचारी मौजूद रहे। कार्यक्रम में शौ सिंह राणा, श्यामवीर सिंह, त्रिलोकचंद सैनी, दीपक राठी, संजीव कुमार, सीमा चौधरी, फिरोज मंसूरी, विकास त्यागी और ओमपाल सिंह समेत अनेक गणमान्य लोगों ने भाग लिया।