मुजफ्फरनगर। नई मंडी थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े हुई मारपीट की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। पंचेंडा रोड पर सब्ज़ी लेने गए एक वेल्डिंग मिस्त्री को कुछ अज्ञात युवकों ने घेरकर बेरहमी से पीट दिया। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसके सिर में गहरी चोट आई है। घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों को उसके सिर पर छह टांके लगाने पड़े।बताया गया कि बचन सिंह कॉलोनी निवासी तुषार पेशे से वेल्डिंग का काम करता है। गुरुवार को वह घर से सब्ज़ी खरीदने के लिए पंचेंडा रोड गया था। इसी दौरान दो मोटरसाइकिलों पर सवार करीब पांच युवक अचानक उसके पास पहुंचे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक युवकों ने पहले तुषार को अपने साथ चलने के लिए दबाव बनाया और जब उसने विरोध किया तो विवाद बढ़ गया।आरोप है कि इसके बाद युवकों ने तुषार के साथ मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान एक युवक ने हाथ में पहने लोहे के कड़े से उसके सिर पर हमला कर दिया। वार लगते ही तुषार गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा और उसके सिर से खून बहने लगा। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोग जब तक कुछ समझ पाते, आरोपी मौके से फरार हो चुके थे।स्थानीय लोगों ने घायल युवक को संभाला और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही नई मंडी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। चिकित्सकों ने युवक की हालत देखते हुए तुरंत इलाज शुरू किया और सिर में गहरी चोट होने के कारण टांके लगाए।घटना के बाद पीड़ित तुषार ने पुलिस को तहरीर देकर अज्ञात युवकों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। उसने बताया कि वह आरोपियों को नहीं जानता और न ही उसका किसी से कोई पुराना विवाद है। ऐसे में अचानक हुए इस हमले को लेकर पुलिस भी जांच में जुट गई है।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। फुटेज के आधार पर हमलावरों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को चिन्हित कर गिरफ्तारी की जाएगी।