मुजफ्फरनगर। भोपा थाना क्षेत्र में युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त इंटरलॉकिंग ईंट और मृतक की जैकेट भी बरामद की है।जानकारी के अनुसार ग्राम भोपा निवासी अजय पुत्र जयपाल को सिर में गंभीर चोट लगने के बाद उपचार के लिए मेरठ मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक की पत्नी शीतल ने थाना भोपा में तहरीर देकर गांव अथाई निवासी शुभम पुत्र लोकेन्द्र पर हमला करने का आरोप लगाया था। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी थी।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत प्रभारी निरीक्षक आशुतोष कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी शुभम को अथाई रोड स्थित पानी की टंकी के पास से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि कुछ दिन पूर्व गांव के बाहर ट्यूबवेल पर शराब के नशे में अजय से उसका विवाद हो गया था। गाली-गलौज बढ़ने पर उसने पास में पड़ी ईंट अजय के सिर पर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त ईंट और अन्य साक्ष्य बरामद कर लिए हैं। आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।