मुजफ्फरनगर। शहर में लगातार बढ़ रही वाहन चोरी की घटनाओं के बीच कोतवाली नगर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार किया है। खास बात यह रही कि आरोपी अदालत में पेशी पर आने के दौरान ही बाइक चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहे थे। पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से चोरी की दो मोटरसाइकिल और अवैध असलहे बरामद किए हैं।बताया गया कि बीती 27 अप्रैल को कोतवाली नगर और सिविल लाइन थाना क्षेत्र से दो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल चोरी होने की शिकायत पुलिस को मिली थी। घटनाओं के बाद पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की। फुटेज में दिखाई दिए संदिग्ध युवकों की तस्वीरें पुलिस ने अपराधियों के डिजिटल रिकॉर्ड से जुड़े ‘यक्ष ऐप’ पर अपलोड कीं, जिससे दोनों आरोपियों की पहचान हो गई।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के निर्देश पर गठित टीम ने गुरुवार को मुखबिर की सूचना पर रामपुरी क्षेत्र में भारद्वाज मेडिकल के पास घेराबंदी कर दोनों युवकों को दबोच लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम फिरोज अहमद निवासी नगर निगम कॉलोनी, देहरादून और मोहम्मद राशिद निवासी निरंजनपुर, देहरादून बताए। पुलिस के अनुसार राशिद मूल रूप से मुजफ्फरनगर का निवासी है।पूछताछ के दौरान आरोपियों ने कबूल किया कि वे अदालत में पेशी के सिलसिले में मुजफ्फरनगर आए थे और इसी दौरान मौका देखकर मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया। तलाशी में पुलिस ने उनके पास से चोरी की दोनों बाइकें और अवैध हथियार बरामद किए।कोतवाली नगर प्रभारी बृजेश कुमार शर्मा ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया है। पुलिस अधिकारियों ने मामले के खुलासे में अहम भूमिका निभाने वाले उपनिरीक्षक सोनू कुमार और आयुष्मान शर्मा सहित टीम के अन्य सदस्यों की सराहना की ।