पौड़ी गढ़वाल। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार को दो दिवसीय निजी दौरे पर अपने पैतृक गांव पंचूर पहुंचे। मुख्यमंत्री के गांव पहुंचने पर पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल देखने को मिला। जगह-जगह स्थानीय लोगों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं व पारंपरिक ढोल-दमाऊ के साथ उनका स्वागत किया।यमकेश्वर हेलीपैड पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री योगी का स्वागत किया। इसके बाद दोनों नेता एक साथ कार्यक्रम स्थल के लिए रवाना हुए। मुख्यमंत्री योगी ने बिथ्याणी स्थित महायोगी गुरु गोरखनाथ राजकीय महाविद्यालय पहुंचकर गुरु गोरखनाथ की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किए और आशीर्वाद लिया।इस दौरान मुख्यमंत्री योगी ने कॉलेज परिसर के समीप बनाए गए ओपन एयर जिम का उद्घाटन भी किया। कार्यक्रम में उस समय अलग नजारा देखने को मिला जब मुख्यमंत्री योगी और मुख्यमंत्री धामी ने जिम उपकरणों पर व्यायाम कर युवाओं को फिट रहने का संदेश दिया।मुख्यमंत्री योगी अपने दौरे के दौरान हरि विष्णु पंचदेव मंदिर में आयोजित प्राण प्रतिष्ठा समारोह में भी शामिल होंगे। धार्मिक आयोजन को लेकर गांव में विशेष तैयारियां की गई हैं और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।दोनों मुख्यमंत्रियों ने बाद में यमकेश्वर महादेव मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना की तथा प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए पूरे क्षेत्र में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। एसएसपी सर्वेश पंवार ने बताया कि कार्यक्रम स्थल और आसपास के क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया