मुजफ्फरनगर। शहर कोतवाली क्षेत्र में सोमवार देर रात तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई। हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को उपचार के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया है।खामपुर गांव निवासी मोईन पुत्र मतलूब और जाकिर पुत्र मतलूब बाइक से जा रहे थे। बताया गया कि रात में आईपीएल फैक्ट्री के गेट के सामने उनकी बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भिजवाया। चिकित्सकों ने जांच के बाद मोईन को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल जाकिर की हालत को देखते हुए उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। उपनिरीक्षक सहीराम नागर ने कानूनी प्रक्रिया पूरी कराई। शहर कोतवाली प्रभारी बृजेश कुमार शर्मा ने बताया कि मामले में नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।