मुजफ्फरनगर। नचिकेता स्कूल्स में शनिवार को मातृ दिवस का आयोजन उत्साह, उमंग और भावनाओं के खूबसूरत संगम के रूप में मनाया गया। विद्यालय परिसर रंग-बिरंगी सजावट, संगीत और खुशियों से सराबोर दिखाई दिया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं के साथ उनकी माताओं ने बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।समारोह के दौरान मां और बच्चों द्वारा प्रस्तुत किए गए मनमोहक नृत्य एवं मधुर गीतों ने सभी का दिल जीत लिया। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों पर उपस्थित अभिभावकों और अतिथियों ने जमकर तालियां बजाईं। कार्यक्रम में आयोजित ज्वेलरी मेकिंग, फायरलेस कुकिंग और अन्य रचनात्मक गतिविधियां विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं।फायरलेस कुकिंग प्रतियोगिता में माताओं ने स्वादिष्ट और स्वास्थ्यवर्धक व्यंजन तैयार कर अपनी पाक कला का परिचय दिया, जबकि ज्वेलरी मेकिंग गतिविधि में फलों और सब्जियों से बनाए गए आकर्षक आभूषणों ने सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। विद्यालय में पूरे समय उत्साह और उल्लास का माहौल बना रहा।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचीं डॉ. तारिणी तनेजा एवं डॉ. अरुणा सिंघल ने माताओं को संबोधित किया। डॉ. तारिणी तनेजा ने महिलाओं के स्वास्थ्य और उससे जुड़ी समस्याओं पर महत्वपूर्ण जानकारी साझा की। वहीं राष्ट्र सेविका समिति की विभाग कार्यवाहिका डॉ. अरुणा सिंघल ने समाज निर्माण में महिलाओं की भूमिका और कुटुंब प्रबोधन के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि मां परिवार की शक्ति और संस्कारों की आधारशिला होती हैं।विद्यालय की उप प्रधानाचार्या जसबीर कौर, उप प्रधानाचार्या (एडमिन) विक्की जैन तथा प्रबंध समिति के सदस्यों ने सभी माताओं को मातृ दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मां बच्चों की पहली गुरु होती हैं और ऐसे आयोजन परिवार तथा विद्यालय के संबंधों को और अधिक मजबूत बनाते हैं।कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। एडमिन कौशल आर्य ने अतिथियों, अभिभावकों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। पूरे समारोह में मातृत्व, संस्कार और पारिवारिक स्नेह की अनूठी झलक देखने को मिली।
