मुजफ्फरनगर। मेरठ रोड स्थित सरस्वती शिशु मंदिर इंटर कॉलेज, केशवपुरी में शनिवार को आयोजित “प्रतिभा सम्मान समारोह” प्रतिभा, संस्कार और गौरव का यादगार संगम बन गया। यूपी बोर्ड परीक्षा 2025-26 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं का विद्यालय परिवार द्वारा भव्य सम्मान किया गया। समारोह के दौरान विद्यालय परिसर तालियों की गड़गड़ाहट, उत्साह और गर्व की भावना से सराबोर नजर आया।कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं मां सरस्वती के पूजन के साथ हुआ। समारोह की सबसे बड़ी उपलब्धि विद्यालय की छात्रा पलक सैनी रहीं, जिन्होंने हाईस्कूल परीक्षा में 94.33 प्रतिशत अंक प्राप्त कर जनपद मेरिट सूची में दूसरा स्थान हासिल किया। वहीं छात्र जयदीप पुंडीर ने 92 प्रतिशत अंक अर्जित कर जिला मेरिट में नौवां स्थान प्राप्त कर विद्यालय का नाम रोशन किया।मेधावी विद्यार्थियों को रोटरी क्लब मुजफ्फरनगर चैंबर के अध्यक्ष मनोज सेठी द्वारा नगद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही समाजसेवी कुलभूषण बजाज एवं राजन सिंघल की ओर से दोनों प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को प्रोत्साहन स्वरूप साइकिल भेंट की गई। विद्यार्थियों के सम्मान के दौरान अभिभावकों और अतिथियों ने जोरदार तालियों से उनका उत्साहवर्धन किया।समारोह की अध्यक्षता डॉ. ईश्वर चंद्र ने की। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि सफलता का वास्तविक आधार अनुशासन, निरंतर परिश्रम और श्रेष्ठ संस्कार होते हैं। मुख्य अतिथि वेद प्रकाश सिंघल ने विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारित कर समर्पण भाव से आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हुए कहा कि राष्ट्र निर्माण में संस्कारित शिक्षा की महत्वपूर्ण भूमिका होती है।विद्यालय के प्रबंधक अनिल सोबती एवं प्रधानाचार्य गोविंद गुप्ता ने विद्यार्थियों की उपलब्धियों पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसका श्रेय शिक्षकों की मेहनत और अभिभावकों के सहयोग को दिया। समारोह में पूर्व छात्र परिषद द्वारा भी मेधावी विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदान किए गए।कार्यक्रम का संचालन योगेंद्र शर्मा ने प्रभावशाली एवं गरिमामय शैली में किया, जबकि अंत में उपाध्यक्ष कुलभूषण बजाज ने सभी अतिथियों, अभिभावकों एवं सहयोगकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। पूरे समारोह में शिक्षा, संस्कार और उपलब्धि का अद्भुत वातावरण देखने को मिला।

