गोरखपुर। शहर के शाहपुर थाना क्षेत्र स्थित अकोलावा के एक मैरिज हॉल में आयोजित शादी समारोह उस समय मातम में बदल गया, जब बारात के दौरान हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में तब्दील हो गया। देर रात घराती और बारातियों के बीच शुरू हुई कहासुनी ने इतना उग्र रूप ले लिया कि दोनों पक्षों में जमकर मारपीट, पत्थरबाजी और धारदार हथियारों से हमला होने लगा। इस खूनी संघर्ष में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद शादी समारोह में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर चीख-पुकार गूंज उठी।जानकारी के अनुसार नगर निगम कर्मचारी जितेंद्र की बेटी की शादी समारोह चल रहा था। शुक्रवार रात बारात पहुंचने के बाद डीजे पर गाना बजाने को लेकर दोनों पक्षों के युवकों में विवाद शुरू हुआ। इसी दौरान भोजन को लेकर भी कहासुनी हो गई, जिसने कुछ ही मिनटों में हिंसक रूप ले लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दोनों पक्षों के लोग एक-दूसरे पर टूट पड़े और ईंट-पत्थरों के साथ बेल्ट तथा धारदार हथियारों से हमला करने लगे। अचानक हुए बवाल से मैरिज हॉल में भगदड़ जैसे हालात बन गए और महिलाएं व बच्चे जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।बताया जा रहा है कि मारपीट के दौरान बाराती पक्ष के दो युवकों को घेरकर बेरहमी से पीटा गया। हमले में पानी टंकी क्षेत्र निवासी सुमित गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि उसका साथी नेपाली भी बुरी तरह जख्मी हो गया। दोनों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान सुमित ने दम तोड़ दिया। नेपाली की हालत गंभीर बनी हुई है और उसका इलाज चल रहा है। सुमित की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। बताया गया कि उसकी शादी करीब तीन माह पहले ही हुई थी। मृतक की मां रेलवे विभाग में सफाईकर्मी हैं।घटना की सूचना मिलते ही शाहपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वारदात के बाद कई आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने पीड़ित पक्ष की तहरीर पर मुकदमा दर्ज करते हुए ताबड़तोड़ कार्रवाई शुरू कर दी है। थाना प्रभारी राजेश रोशन सिंह ने बताया कि मामले में अब तक सात आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि अन्य की तलाश में दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि घटना में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।