आगरा। ताजनगरी के बल्केश्वर घाट पर एक दर्दनाक हादसे ने खुशियों से भरे परिवार को पलभर में मातम में बदल दिया। जन्मदिन समारोह में शामिल होने आए एक ही परिवार के युवक-युवतियां और बच्चे भीषण गर्मी से राहत पाने के लिए यमुना में नहाने उतरे थे, लेकिन गहरे पानी ने चार जिंदगियां निगल लीं। हादसे में दो युवतियों, एक युवक और 11 वर्षीय किशोर की मौत हो गई, जबकि दो लोगों को सकुशल बचा लिया गया। घटना के बाद घाट पर चीख-पुकार और परिजनों का विलाप माहौल को गमगीन कर गया।हाथरस जिले के सादाबाद क्षेत्र से परिवार आगरा में रिश्तेदारी में आयोजित जन्मदिन कार्यक्रम में शामिल होने आया था। मंगलवार सुबह कुछ बच्चे और युवक बिना बताए बल्केश्वर घाट पहुंच गए। तेज गर्मी के बीच सभी यमुना में उतर गए, लेकिन नदी की गहराई का अंदाजा न होने के कारण एक किशोर अचानक डूबने लगा। उसे बचाने के प्रयास में अन्य सदस्य भी पानी में फंसते चले गए और देखते ही देखते हादसा हो गया।घाट पर मौजूद लोगों ने शोर मचाया तो स्थानीय गोताखोरों और पुलिस टीम ने राहत अभियान शुरू किया। रेस्क्यू टीम ने पांच लोगों को बाहर निकालकर तत्काल एसएन मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने कान्हा (22), महक (19) और रिया (17) को मृत घोषित कर दिया। वहीं करीब दो घंटे तक चले खोज अभियान के बाद 11 वर्षीय विक्की का शव भी नदी से बरामद कर लिया गया। हादसे में काजल और अंशु को सुरक्षित बचा लिया गया, जबकि एक अन्य की तलाश जारी रही।घटना के बाद सबसे मार्मिक दृश्य उस समय सामने आया जब विक्की के पिता राकेश अपने बेटे को याद कर फूट-फूटकर रो पड़े। उन्होंने बताया कि चार बेटियों के बाद बड़ी मन्नतों से उनके घर बेटे का जन्म हुआ था, लेकिन अब वह भी उनसे छिन गया। परिवार की महिलाओं की चीखें सुनकर घाट पर मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं।डीसीपी सिटी सैय्यद अली अब्बास ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंच गया था। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर पूरे मामले की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group