मुजफ्फरनगर, 12 मई 26। जनपद में ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने और लोगों की समस्याओं का मौके पर समाधान कराने के उद्देश्य से मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया ने मंगलवार को सदर ब्लॉक के मखियाली गांव का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने गांव में घर-घर जाकर ग्रामीणों से संवाद स्थापित किया और उनकी स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की जानकारी ली।भ्रमण के दौरान सीएमओ ने ग्रामीणों से मौसमी बीमारियों, बच्चों एवं बुजुर्गों के स्वास्थ्य, साफ-सफाई की स्थिति तथा गांव में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं के बारे में विस्तार से जानकारी प्राप्त की। ग्रामीणों ने उन्हें विभिन्न स्वास्थ्य समस्याओं से अवगत कराया, जिस पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने तत्काल आवश्यक कदम उठाने का आश्वासन दिया। उन्होंने ग्रामीणों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने तथा किसी भी बीमारी के लक्षण दिखाई देने पर तुरंत चिकित्सकीय परामर्श लेने की सलाह दी।डॉ. सुनील तेवतिया ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देश पर मखियाली गांव में स्वास्थ्य विभाग विशेष निगरानी रखे हुए है। गांव में स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा व्यापक सर्वे कराया जाएगा, जिससे प्रभावित लोगों की पहचान कर उन्हें समय पर उपचार और आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग की प्राथमिकता है कि किसी भी ग्रामीण को उपचार के अभाव में परेशानी न उठानी पड़े।सीएमओ ने जानकारी दी कि बुधवार को गांव में विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम भेजी जाएगी, जहां विशेष चिकित्सा शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर में ग्रामीणों की निशुल्क स्वास्थ्य जांच, चिकित्सकीय परामर्श और आवश्यक दवाइयों का वितरण किया जाएगा। गंभीर मरीजों को जरूरत पड़ने पर उच्च चिकित्सा केंद्रों के लिए रेफर भी किया जाएगा।उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि अधिक से अधिक संख्या में स्वास्थ्य शिविर में पहुंचकर अपनी जांच कराएं और स्वास्थ्य विभाग की टीम को सर्वे कार्य में सहयोग दें, ताकि गांव में स्वास्थ्य सेवाओं को प्रभावी ढंग से संचालित किया जा सके।