मुजफ्फरनगर। ककरौली थाना क्षेत्र में किसानों की ट्यूबवेलों पर हो रही लगातार चोरियों ने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है। सोमवार रात अज्ञात चोरों ने अलग-अलग स्थानों पर चार किसानों की ट्यूबवेलों में चोरी की वारदात को अंजाम देकर लाखों रुपये के कृषि उपकरण और विद्युत सामान साफ कर दिया। घटना के बाद क्षेत्र के किसानों में आक्रोश फैल गया है और पुलिस गश्त पर भी सवाल उठने लगे हैं।बताया गया कि गांव बेहड़ा सादात निवासी किसान रविंद्र मासूमा, हसन हैदर, वसीम हैदर और सुक्का की ट्यूबवेलों को चोरों ने निशाना बनाया। देर रात खेतों में पहुंचे बदमाशों ने पहले ट्यूबवेलों के ताले तोड़े और फिर अंदर रखे कीमती विद्युत उपकरण, स्टार्टर, केबल तथा अन्य कृषि सामान चोरी कर लिया। वारदात को जिस तरीके से अंजाम दिया गया, उससे माना जा रहा है कि चोर पहले से इलाके की गतिविधियों पर नजर रखे हुए थे।मंगलवार सुबह जब किसान खेतों पर पहुंचे तो ट्यूबवेलों के टूटे ताले और बिखरा सामान देखकर सन्न रह गए। चोरी की सूचना फैलते ही आसपास के ग्रामीण और किसान मौके पर जमा हो गए। पीड़ित किसानों ने बताया कि लगातार हो रही चोरियों के कारण खेती का काम प्रभावित हो रहा है और सिंचाई व्यवस्था भी बाधित हो रही है।ग्रामीणों का कहना है कि ककरौली क्षेत्र में पिछले कुछ समय से ट्यूबवेल चोर सक्रिय हैं और दो दर्जन से अधिक किसानों को निशाना बनाया जा चुका है। इसके बावजूद अब तक पुलिस किसी गिरोह तक नहीं पहुंच सकी है। किसानों ने आरोप लगाया कि रात के समय प्रभावी पुलिस गश्त नहीं होने के कारण चोर बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं।घटना से नाराज किसानों ने पुलिस प्रशासन से क्षेत्र में रात की गश्त बढ़ाने और चोरों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। किसानों का कहना है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो ग्रामीण आंदोलन करने को मजबूर होंगे।वहीं ककरौली थाना पुलिस का कहना है कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। आसपास के संदिग्ध लोगों से पूछताछ की जा रही है और चोरी की घटनाओं में शामिल गिरोह को जल्द गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।