प्लॉट माफिया का नया खेल: अपनी जमीन बताकर 10 लाख डकारे, छह महीने बाद भी नहीं हुआ बैनामा
मुजफ्फरनगर। प्रॉपर्टी के नाम पर ठगी का एक गंभीर मामला सामने आया है। कूकड़ा निवासी सहेंदर ने आरोप लगाया है कि सरवट निवासी इमरान त्यागी और उसके साथी यासिन त्यागी ने खुद को एक प्लॉट का मालिक बताकर उससे आठ लाख रुपये बयाने के रूप में ले लिए, लेकिन छह महीने बीत जाने के बाद भी बैनामा नहीं कराया।
पीड़ित सहेंदर के अनुसार, दोनों आरोपियों ने उसे एक प्लॉट दिखाया और उसे अपनी निजी जमीन बताकर भरोसा दिलाया कि जल्द ही रजिस्ट्री करा दी जाएगी। विश्वास में आकर उसने अलग-अलग समय पर कुल 10 लाख रुपये दे दिए। सहेंदर का दावा है कि पैसे लेते समय हुई बातचीत का वीडियो और ऑडियो साक्ष्य भी उसके पास मौजूद है, जिसमें जमीन को अपनी बताकर लेन-देन की बात कही गई है।
आरोप है कि जब बैनामे की तारीख तय करने की बात आई तो इमरान त्यागी और यासिन त्यागी लगातार टालमटोल करने लगे। बाद में जानकारी करने पर पता चला कि संबंधित जमीन उनके नाम दर्ज नहीं है। इसके बाद पीड़ित को ठगी का अहसास हुआ।
सहेंदर का यह भी आरोप है कि जब उसने अपने पैसे वापस मांगे और बैनामा कराने का दबाव बनाया तो दोनों आरोपियों ने उसे गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी।
सहेंदर ने मामले की तहरीर पुलिस को देकर दोनों आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी और आपराधिक धमकी का मुकदमा दर्ज कर कठोर कार्रवाई की मांग की है। उसका कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो वह उच्चाधिकारियों से भी शिकायत करेगा।