मुजफ्फरनगर। साइबर ठगी के एक मामले का खुलासा करते हुए थाना साइबर क्राइम पुलिस ने मोबाइल चोरी कर बैंक खाते से रकम निकालने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने व्यापारी का मोबाइल फोन चोरी करने के बाद उसमें मौजूद बैंकिंग जानकारी का दुरुपयोग करते हुए करीब 60 हजार रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर कर लिए थे। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किया गया मोबाइल फोन और नकदी बरामद की है।पुलिस के अनुसार घटना 28 अप्रैल 2026 की है। शहर के मीनाक्षी चौक स्थित शान ऑप्टिकल्स से एक व्यापारी का मोबाइल फोन चोरी हो गया था। मोबाइल चोरी होने के कुछ समय बाद व्यापारी के बैंक खाते से लगातार ऑनलाइन लेनदेन होने लगे। खाते से रकम निकलने की जानकारी मिलने पर पीड़ित ने मामले की शिकायत थाना साइबर क्राइम में दर्ज कराई।जांच में सामने आया कि आरोपी ने मोबाइल फोन का लॉक खोलकर उसमें सेव बैंकिंग एप और दस्तावेजों का इस्तेमाल किया। मोबाइल में मौजूद आधार कार्ड और बैंक से लिंक मोबाइल नंबर की मदद से आरोपी ने यूपीआई पिन बदल दिया और विभिन्न ऑनलाइन ट्रांजैक्शन के जरिए खाते से लगभग 60 हजार रुपये निकाल लिए।मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के निर्देशन में साइबर टीम गठित की गई। तकनीकी जांच और सर्विलांस के आधार पर पुलिस ने आरोपी मोहम्मद कैफ को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी वर्तमान में लोनी, गाजियाबाद में रह रहा था, जबकि वह मूल रूप से शाहपुर क्षेत्र का निवासी बताया गया है।पुलिस पूछताछ में आरोपी ने चोरी और ऑनलाइन ठगी की वारदात स्वीकार कर ली। उसके कब्जे से चोरी किया गया वन प्लस नॉर्ड-3 मोबाइल फोन तथा 5,150 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। पुलिस आरोपी के बैंक खातों और आपराधिक गतिविधियों की भी जांच कर रही है।