मुजफ्फरनगर। छपार थाना क्षेत्र में देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ के बाद पुलिस ने लूट की वारदात में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान एक बदमाश पुलिस की जवाबी कार्रवाई में घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन, घटना में इस्तेमाल की गई बुलेट बाइक तथा अवैध हथियार बरामद किए हैं।जानकारी के अनुसार छपार थाना पुलिस क्षेत्र में अपराधियों की धरपकड़ को लेकर बझेड़ी रजवाहे के पास देर रात चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान बाइक पर सवार तीन युवक पुलिस टीम को देखकर संदिग्ध प्रतीत हुए। पुलिस ने जब उन्हें रुकने का इशारा किया तो आरोपियों ने भागने का प्रयास किया और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। अचानक हुई गोलीबारी से क्षेत्र में कुछ देर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।पुलिस टीम ने तत्काल मोर्चा संभालते हुए बदमाशों की घेराबंदी की। जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी जुहैब के पैर में गोली लग गई, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा। इसके बाद पुलिस ने कांबिंग अभियान चलाकर उसके दो साथियों अहमद और एक अन्य आरोपी को भी मौके से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने तीनों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।जांच में सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी आठ मई की रात क्षेत्र में एक व्यक्ति से हथियारों के बल पर मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए थे। घटना के बाद से पुलिस लगातार उनकी तलाश में जुटी हुई थी। सर्विलांस और मुखबिर तंत्र की मदद से पुलिस को बदमाशों की गतिविधियों की सूचना मिली, जिसके आधार पर चेकिंग अभियान तेज किया गया।क्षेत्राधिकारी सदर रविशंकर मिश्रा ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से लूटी गई मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन, एक बुलेट बाइक, अवैध तमंचे, जिंदा कारतूस और खोखा कारतूस बरामद किए गए हैं। घायल आरोपी को पुलिस निगरानी में अस्पताल भेजा गया है।पुलिस अधिकारियों के अनुसार घायल बदमाश जुहैब और उसका साथी अहमद रुड़की क्षेत्र के निवासी हैं, जबकि तीसरा आरोपी बागोवाली क्षेत्र का रहने वाला बताया जा रहा है। प्रारंभिक जांच में दोनों मुख्य आरोपियों के खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मुकदमे दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस अब उनके आपराधिक नेटवर्क और अन्य वारदातों में संलिप्तता की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group